प्रवेश कोई भी बच्चा 3 वर्ष का हो जाने पर एक सुनियोजित पूर्व-प्राथमिक विद्यालय के अकादमिक वर्ष के प्रारंभ में प्रवेश के लिए तैयार हो जाता है और साथ ही तब, जब वह परिवार से अलग होने की स्थिति का सामना करने योग्य हो जाए। कुछ मौखिक क्षमता प्राप्त कर ले और अपनी मूल आवश्यकताओं को बता सके। स्वयं शौचालय जा सके। प्रवेश के लिए आयु भिन्न-भिन्न राज्यों में उनके अकादमिक कैलेंडर के अनुसार प्रवेश के लिए तिथियाँ भिन्न हो सकती हैं। कक्षा 1 में प्रवेश के लिए राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों में आयु में भिन्नता है। कक्षा 1 में प्रवेश से पहले तीन वर्ष की पूर्व-प्राथमिक शिक्षा अर्थात पूर्व-प्राथमिक कक्षा 1, 2 और 3 सुझायी गई हैं। पूर्व-प्राथमिक कक्षा 1- पूर्व-प्राथमिक कार्यक्रम में प्रवेश के लिए यह प्रवेश बिंदु है। पूर्व-प्राथमिक कक्षा 2— यह कक्षा पूर्व-प्राथमिक कक्षा 1 की आगे की कड़ी है। पूर्व-प्राथमिक कक्षा 3— बच्चे पूर्व-प्राथमिक कक्षा 3 को पूरा करने के बाद कक्षा 1 में प्रवेश लेंगे। प्रवेश प्रक्रिया पूर्व-प्राथमिक विद्यालय कार्यक्रम की प्रवेश प्रक्रिया में बच्चों और अभिभावकों का लिखित या मौखिक, किसी भी रूप में मूल्यांकन शामिल नहीं होना चाहिए। पूर्व-प्राथमिक कार्यक्रम में 3 वर्ष से कम आयु के बच्चों को प्रवेश नहीं दिया जाना चाहिए। बच्चों को धर्म, जाति, विश्वास, प्रजाति, क्षेत्र, जेंडर,अक्षमता और परिवार की सामाजिक-आर्थिक स्थिति के आधार पर प्रवेश के लिए मना नहीं करना चाहिए। प्रवेश प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखनी चाहिए। आस-पड़ोस में रहने वाले बच्चों को प्राथमिकता दीजानी चाहिए। यदि प्रार्थियों की संख्या उपलब्ध सीटों से अधिक हो तो बच्चों के प्रवेश हेतु निम्न सुझावित रणनीतियों का अनुसरण किया जाना चाहिए प्रवेश का आधार ‘पहले आओ-पहले पाओ' होनाचाहिए। हाथ से या कंप्यूटर से क्रमरहित (Random) लॉटरी निकाली जा सकती है। यह महत्वपूर्ण है कि लॉटरी निकालते समय पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। राज्य मानदंडों के आरक्षण नियमों के आधार पर कोटा (नियतांश) आधारित क्रमरहित चयन होना चाहिए। पूर्व-प्राथमिक विद्यालय जहाँ स्थित हो, जैसे विश्वविद्यालय प्रयोगशाला, प्रशिक्षण केंद्र आदि, उसकी आवश्यकता और प्राथमिकताओं के आधार पर विभिन्न वर्गों का कोटा निश्चित किया जा सकता है जैसे- कर्मचारियों के बच्चे विशेष आवश्यकता वाले बच्चे एकल अभिभावक लड़की प्रत्येक वर्ग में क्रमरहित चयन किया जा सकता है। स्त्राेत: पूर्व प्राथमिक शिक्षा के लिए दिशा-निर्देश,राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी), श्री अरविंदाे मार्ग, नई दिल्ली।